Basti News: माटीकला जागरूकता कार्यक्रम में कारीगरों को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी, उत्कृष्ट उद्यमी सम्मानित

 

माटीकला जागरूकता कार्यक्रम में कारीगरों को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी, उत्कृष्ट उद्यमी सम्मानित

बस्ती, 28 जुलाई 2026। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़े के तहत एक दिवसीय माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में माटीकला से जुड़े कारीगर, कुम्हार एवं प्रजापति समाज के लोगों सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



कार्यक्रम में परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी आनंद शुक्ला ने अतिथियों का बुके और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। उन्होंने विभाग की ओर से संचालित रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य अतिथि संजय चौधरी ने ग्रामीण अंचलों में माटीकला के पारंपरिक कार्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कारीगरों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने और माटीकला उत्पादों को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

बैंक अधिकारियों ने माटीकला से जुड़े लोगों को ऋण एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बताई। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत पांच लाख रुपये का ऋण लेकर कार्य कर रहे शिव कुमार प्रजापति ने उद्योग स्थापना का अनुभव साझा किया। फाइन आर्ट विशेषज्ञ एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत कला-शिल्प प्रशिक्षक आलोक शुक्ल ने माटीकला उत्पादों के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दुबे ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post