बस्ती: जनपद के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के महुडर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 29 जुलाई की शाम करीब 4 बजे दो पक्षों के बीच हुए विवाद में महिलाओं पर जमकर हमला किया गया, जिसमें आठ महिलाओं के सिर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं एक बुजुर्ग महिला का हाथ भी टूट गया। घायलों का उपचार कराने के बाद पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन पीड़ितों का आरोप है कि गंभीर चोटों के बावजूद पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में उनकी तहरीर बदलवाने का दबाव बनाया गया, जिससे घटना की गंभीरता मुकदमे में परिलक्षित नहीं हो सकी। इस कार्रवाई से असंतुष्ट सभी घायल महिलाएं तहसील समाधान दिवस में पहुंचीं और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुरानी बस्ती थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 148/26 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 बढ़ाई जानी चाहिए, क्योंकि घटना में गंभीर चोटें आई हैं और हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को नजरअंदाज कर आरोपियों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया है।
महुडर गांव की इस घटना को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि शिकायतों की जांच के बाद मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाती हैं या नहीं। पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने आना अभी बाकी है।
