Up News: पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष के इकलौते बेटे समेत दो की सड़क हादसे में मौत, एक गंभीर

 

पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष के इकलौते बेटे समेत दो की सड़क हादसे में मौत, एक गंभीर

बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के बसहवा के पास नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय के इकलौते बेटे समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।



पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिलखांव गांव निवासी 27 वर्षीय संदीप प्रजापति बाइक से बस्ती से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से जा भिड़ी।

कार में पिकौरा बक्शी निवासी शिवांश पांडेय, तिनपेडिया निवासी तपिश मिश्रा और हर्ष गुप्ता सवार थे। बताया गया कि कार शिवांश पांडेय चला रहे थे। हादसे में बाइक सवार संदीप प्रजापति और कार चालक शिवांश पांडेय की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं तपिश मिश्रा की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। हर्ष गुप्ता को भी चोटें आई हैं।

शिवांश पांडेय पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय के इकलौते बेटे थे। वह दिल्ली में नौकरी करते थे और करीब 20 दिन पहले ही परिवार ने उन्हें घर वापस बुलाया था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप तिवारी ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post